वाराणसी रथयात्रा मेला: 16 से 18 जुलाई तक रूट डायवर्जन लागू, जानिए कौन-कौन से रास्ते रहेंगे बंद
वाराणसी में रथयात्रा मेले को लेकर 16 से 18 जुलाई तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। रथयात्रा चौराहे के आसपास कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग व्यवस्था और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी जारी किए हैं।
वाराणसी: रथयात्रा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने 16 से 18 जुलाई तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने का फैसला किया है। इस दौरान रथयात्रा चौराहे और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, शव वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से पूरी तरह छूट दी गई है।
रथयात्रा चौराहे तक वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि आकाशवाणी तिराहे और आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ से रथयात्रा चौराहे तक 16 से 18 जुलाई के बीच किसी भी सामान्य वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।
इन रास्तों से होकर गुजरेंगे वाहन
भेलूपुर चौराहे से रथयात्रा की ओर जाने वाले वाहनों को कमच्छा तिराहे से खोजवां की ओर मोड़ा जाएगा। यहां से वाहन साईं मंदिर, आकाशवाणी तिराहा और महमूरगंज होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
नीमामाई तिराहे से आने वाले वाहनों को हनुमान मंदिर तिराहे के बजाय आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं गुरुबाग तिराहे से आने वाले वाहनों को भी नीमामाई तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
आशीर्वाद हॉस्पिटल मोड़ और महमूरगंज की ओर से किसी भी वाहन को रथयात्रा चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे सभी वाहनों को आकाशवाणी तिराहा, महमूरगंज तिराहा और मंडुआडीह चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
सिगरा चौराहे से आने वाले वाहनों को महमूरगंज की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि आकाशवाणी तिराहे से आने वाले वाहनों को सिगरा चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगा अतिरिक्त ट्रैफिक प्लान
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक बढ़ती है तो बीएचयू, मंडुआडीह, इंग्लिशिया लाइन और सिगरा चौराहे से ही रथयात्रा की ओर आने वाले सभी वाहनों को पहले ही डायवर्ट कर दिया जाएगा, ताकि रथयात्रा क्षेत्र में यातायात का दबाव न बढ़े।
पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था
मेले के दौरान वाहन पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। सीएमओ कार्यालय परिसर, आकाशवाणी तिराहा, सिगरा चौराहा और नीमामाई तिराहा के आसपास कार, ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल और पैडल रिक्शा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि 15 से 18 जुलाई तक पहले से जारी सभी प्रकार के वाहन पास अस्थायी रूप से निरस्त रहेंगे।
भारी वाहनों के लिए अलग डायवर्जन प्लान
नो-एंट्री खुलने के बाद भी भारी वाहनों को सिगरा चौराहे से रथयात्रा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को आकाशवाणी तिराहे से महमूरगंज और मंडुआडीह चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
इसी तरह आकाशवाणी तिराहे से आने वाले भारी वाहनों को सिगरा चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कमच्छा तिराहे से निकलने वाले भारी वाहन भेलूपुर अथवा खोजवां तिराहे की ओर भेजे जाएंगे, जहां से वे बीएचयू, भिखारीपुर और मंडुआडीह होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।