Varanasi: शादी का झांसा देकर युवती से संबंध, गर्भवती होने पर आरोपी फरार, पहले से शादीशुदा निकला प्रेमी
वाराणसी I उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा युवक पर बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, चेतगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि लगभग पांच वर्ष पहले उसकी पहचान जगतगंज निवासी माध्यम यादव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
युवती के अनुसार, आरोपी उसे अक्सर जगतगंज स्थित एक होम स्टे में ले जाता था, जहां वह शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान जब भी युवती ने शादी की बात की, आरोपी टालमटोल करता रहा और जल्द ही परिवार से बात कर शादी करने का आश्वासन देता रहा।
मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब युवती गर्भवती हो गई। पीड़िता का कहना है कि उसने जब इस बारे में युवक को बताया तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोपी ने यह कहकर किनारा कर लिया कि दोनों अलग-अलग जाति से हैं, इसलिए शादी संभव नहीं है।
इसके बाद जब युवती आरोपी के घर पहुंची, तो उसे बड़ा झटका लगा। वहां उसे पता चला कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और आठ महीने के बच्चे का पिता भी है। यह सच्चाई सामने आने के बाद पीड़िता ने तत्काल चेतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर विजय शुक्ला ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।