वाराणसी की 8 विधानसभा सीटों पर मतदान केंद्रों की सूची जारी, 25 अक्टूबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
वाराणसी। जिले के आठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद उनकी प्रारूप सूची जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 19 अक्टूबर 2026 को सूची का आलेख्य प्रकाशन किया। अब आम नागरिक मतदान केंद्रों से संबंधित सूची का निरीक्षण कर सकते हैं और किसी तरह की आपत्ति या सुझाव होने पर 25 अक्टूबर तक दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के तहत प्रारूप सूची तैयार की गई है। इसका प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया गया है।
कहां देख सकते हैं मतदान केंद्रों की सूची?
प्रकाशित प्रारूप सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय और वाराणसी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट varanasi.nic.in पर उपलब्ध है। यहां आम लोग सूची का निरीक्षण कर सकते हैं।
25 अक्टूबर तक दे सकते हैं आपत्ति और सुझाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि यदि मतदान केंद्रों की सूची में किसी तरह के संशोधन की आवश्यकता महसूस होती है, तो वे अपनी आपत्ति या सुझाव 25 अक्टूबर 2026 तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, इस प्रक्रिया के जरिए मतदान स्थलों से जुड़े सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसलिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक सूची देखकर निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।