{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी रिंग रोड पर भीषण हादसा: तीन ट्रेलरों की टक्कर, एक चालक की मौत, दो गंभीर
 

 

वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के हरिबल्लमपुर गांव के पास रिंग रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीन ट्रेलरों की आपसी टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर संदहा की ओर जा रहा था, जो अचानक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने उसे तेज टक्कर मार दी। टक्कर के कुछ ही क्षण बाद तीसरा ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पीछे से भिड़ गया, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

इस दुर्घटना में सबसे पीछे चल रहे ट्रेलर के चालक श्याम सुंदर यादव (21), निवासी बटौआ, नौगढ़ (चंदौली) की मौके पर ही मौत हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोलापुर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, अन्य दो घायल चालकों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और ट्रेलरों की तकनीकी जांच को लेकर सख्त कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।