{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: आधी रात रोपवे के निर्माणाधीन पिलर पर चढ़ा युवक, कूदने की धमकी से मची अफरा-तफरी; पुलिस ने बचाई जान

वाराणसी के लक्सा क्षेत्र में आधी रात एक युवक परिवार से नाराज होकर निर्माणाधीन रोपवे पिलर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। पुलिस ने सूझबूझ से रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। घटना के बाद रोपवे परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे।

 

वाराणसी: लक्सा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक परिवार से नाराज होकर निर्माणाधीन रोपवे के पिलर (टावर बेस) पर चढ़ गया और ऊपर से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही लक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

गार्ड की सतर्कता से समय रहते मिली सूचना

घटना पीडीआर मॉल के सामने स्थित होटल ओके इंटरनेशनल के पास निर्माणाधीन रोपवे परियोजना की है। देर रात ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने देखा कि एक युवक टावर के बेस पर चढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने तुरंत रोपवे परियोजना से जुड़े अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।

कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस दौरान युवक लगातार ऊपर से कूदने की धमकी देता रहा, जिससे आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

पुलिस ने सूझबूझ से चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस ने पहले युवक को बातचीत के जरिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद एक पुलिसकर्मी ने बेहद सावधानी के साथ पीछे की ओर से टावर बेस पर चढ़कर युवक को दबोच लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारकर थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उससे पूछताछ की गई है।

नशे की हालत में था युवक, पारिवारिक विवाद बताया कारण

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक नशे की हालत में था और किसी पारिवारिक विवाद से परेशान होकर यह कदम उठाया था। फिलहाल पुलिस उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और परिवार के लोगों से भी संपर्क किया गया है।

रोपवे प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दी जानकारी

रोपवे परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल निर्माणाधीन टावरों की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात किए गए हैं। जैसे ही युवक के चढ़ने की सूचना मिली, तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि रोपवे परियोजना शुरू होने से पहले सभी टावरों के चारों ओर कंटीली सुरक्षा बाड़ (Barbed Fencing) लगाई जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति टावर पर चढ़ न सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।