{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी समाधान दिवस: अधिकारियों की गैरहाजिरी पर SDM सख्त, कई अफसरों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश

वाराणसी के राजातालाब और पिंडरा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। राजातालाब में कई अधिकारियों के अनुपस्थित मिलने पर SDM ने एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। पिंडरा में 109 शिकायतें आईं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। फार्मर रजिस्ट्री को लेकर लेखपाल को चेतावनी दी गई।
 

वाराणसी। राजातालाब तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की गैरहाजिरी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। उप जिलाधिकारी शांतुन कुमार सिनसिनवार ने भरण-पोषण अधिकारी समेत कई अधिकारियों के अनुपस्थित मिलने पर एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। समाधान दिवस में फरियादियों ने जमीन, रास्ते और भरण-पोषण से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज कराईं।

बच्चों ने घर से निकाला, भरण-पोषण की मांग

दयापुर निवासी शिला देवी ने एसडीएम के सामने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बच्चों ने मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया है। उन्होंने अपने भरण-पोषण की व्यवस्था कराने की मांग की।

इस दौरान भरण-पोषण अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर एसडीएम ने उनका वेतन रोकने का आदेश दिया। इसके अलावा चकबंदी अधिकारी, सीओ, एसीओ और लोक निर्माण विभाग के जेई के भी समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में कुरौना निवासी अरुण कुमार पांडेय ने सार्वजनिक रास्ते पर गेट लगाकर रास्ता बंद करने की शिकायत की। वहीं सकलपुर निवासी उदय बहादुर सिंह ने पूर्व प्रधान पर चकरोड पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

फार्मर रजिस्ट्री पर लेखपाल को निलंबन की चेतावनी

तेंदुई गांव से जुड़ी शिकायत के दौरान एसडीएम ने लेखपाल को फार्मर रजिस्ट्री के मामले में सख्त निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर फार्मर रजिस्ट्री का काम पूरा नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार संत विजय सिंह, नायब तहसीलदार संग्राम सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पिंडरा में 109 शिकायतें, तीन का मौके पर निस्तारण

पिंडरा तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व सदानंद गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 109 मामले सामने आए, जिनमें तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने दुनियापुर में सरकारी चकरोड से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने और जुर्माना वसूलने के संबंध में पहले ही आदेश हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद मामला लंबित है और सुनवाई के लिए लगातार नई तारीखें मिल रही हैं। एडीएम ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

समाधान दिवस में एसडीएम कुंदनराज कपूर, एडीसीपी नृपेंद्र कुमार, एसीपी प्रशांत सिंह, तहसीलदार नेहा राजवंशी, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, श्वेता सिंह पटेल, बीडीओ प्रतिभा मिश्रा और बीईओ अखिलेश यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सदर तहसील में बिजली के पोल लगाने की मांग

सदर तहसील में न्याय पंचायत कंदवा के मडाव अनुसूचित जनजाति बस्ती के लोगों ने बिजली के पोल लगाए जाने की मांग को लेकर एसडीएम सदर को प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बस्ती में विद्युत सुविधा के लिए पोल लगाए जाने की मांग रखी। प्रशासन की ओर से शिकायत के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।