{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: लंका में सफाईकर्मियों का बड़ा प्रदर्शन, सड़क पर बिखेरा कूड़ा, वेतन वृद्धि की मांग
 

 

वाराणसी। मालवीय प्रतिमा चौराहे पर नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों पर ध्यान न दिए जाने के विरोध में सड़क पर कूड़ा बिखेर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन के कारण लंका क्षेत्र के कई हिस्सों में गंदगी फैल गई, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे सफाईकर्मियों ने बताया कि वे सुबह से शाम तक पूरे शहर को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर मेहनत करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की जा रही है, जबकि सफाईकर्मियों के वेतन में कटौती हो रही है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में कम वेतन पर परिवार चलाना बेहद कठिन हो गया है।

कर्मचारियों ने कहा कि वे हर मौसम में शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं और नगर की स्वच्छता की रीढ़ हैं, फिर भी उनके साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान सफाईकर्मियों ने प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि वे कई बार सफाई कर्मियों का सम्मान कर चुके हैं, लेकिन उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ही सफाईकर्मियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

पूरी सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और वेतन में उचित बढ़ोतरी नहीं की गई, तो वे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप करने को मजबूर होंगे।

नगर निगम अधिकारियों के समझाने के बाद कूड़े को साफ़ किया गया I अब सफाईकर्मियों की मांगों पर तुरंत ध्यान देने की अपील की जा रही है, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों को परेशानी न झेलनी पड़े।