{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कांवड़ यात्रा के लिए वाराणसी तैयार: 30 जुलाई से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, इन रास्तों पर नहीं चलेंगे गाड़ियां, जानिए कहां मिलेगी पार्किंग

सावन 2026 में कांवड़ यात्रा और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने 30 जुलाई से 28 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। जानिए रूट डायवर्जन, बंद रास्ते, ऑटो रूट और पार्किंग की पूरी जानकारी।

 

वाराणसी: सावन महीने में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और शहर के प्रमुख शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आने की संभावना को देखते हुए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा, कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने और शहर को जाम से बचाने के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई है।

हर शनिवार रात से मंगलवार सुबह तक लागू रहेगा डायवर्जन

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि सावन के दौरान हर शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कांवड़ियों के मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रहेगी रोक

प्रयागराज, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर और अन्य जिलों से आने वाले बड़े मालवाहक वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को रिंग रोड और एनएच-19 के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। रोडवेज और निजी बसों के लिए भी अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं, जबकि छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।

चांदपुर से मोहनसराय तक सिर्फ कांवड़ वाहनों की अनुमति

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक केवल कांवड़ यात्रा से जुड़े वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा चांदपुर चौराहे तक एक लेन पूरे सावन महीने कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी।

ऑटो और ई-रिक्शा के लिए तय किए गए छह रूट

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के अलग रूट भी तय किए गए हैं।

  • रूट-2: लहुराबीर – जयसिंह चौराहा – मलदहिया – साजन – सिगरा – रथयात्रा – महमूरगंज – मंडुवाडीह – भिखारीपुर।
  • रूट-3: लंका – नरिया – सुंदरपुर – भिखारीपुर – बीएलडब्ल्यू – मंडुवाडीह – लहरतारा – कैंट रेलवे स्टेशन।
  • रूट-4: लहरतारा – चांदपुर।
  • रूट-5: अंधरापुल – नदेसर – मिंट हाउस – आंबेडकर चौराहा – जेपी मेहता – भोजूबीर – गिलट बाजार।
  • रूट-6: चौकाघाट – ताड़ीखाना – मकबूल आलम रोड – खजुरी – पांडेयपुर।

इन रूटों से श्रद्धालु प्रमुख मंदिरों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

शहर में बनाए गए विशेष पार्किंग स्थल

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

रोहनिया: ट्रांसपोर्ट नगर मैदान, जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान, भास्कर पोखरा मुढेला।

मंडुवाडीह: एफसीआई माल गोदाम और एनईआर रेलवे का खाली मैदान।

लक्सा: मजदा टॉकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज।

  • कोतवाली: मच्छोदरी पार्क मैदान, टाउनहाल पार्किंग, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने और शव वाहन पार्किंग।
  • चेतगंज: क्वींस कॉलेज मैदान, राजकीय आईटीआई मैदान, चित्रकूट रामलीला मैदान, लकड़मंडी और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान।
  • आदमपुर: भैंसासुर घाट पार्किंग, भदऊ चुंगी के पास रेलवे मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी और काशी रेलवे स्टेशन पार्किंग।
  • सिगरा: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर और बड़ी कटिंग मेमोरियल स्कूल, मिंट हाउस।
  • कैंट: छोटी कटिंग मेमोरियल स्कूल।

ट्रैफिक पुलिस की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि सावन के दौरान यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें। निर्धारित रूट का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। इससे कांवड़ यात्रा और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी।