वाराणसी: ATM में सुरक्षाकर्मी की बंदूक से चली गोली, युवक की कलाई में लगे छर्रे
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सुरक्षाकर्मी की बंदूक से अचानक गोली चलने का मामला सामने आया है। शिवपुर थाना क्षेत्र के बड़ालालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर गुरुवार दोपहर हुए इस हादसे में एक युवक की कलाई में गोली के छर्रे जा लगे। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, चोलापुर थाना क्षेत्र के अटेसुवा निवासी अवधेश राजभर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे बड़ालालपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान एटीएम की सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव अपनी दोनाली बंदूक को एक कंधे से उतारकर दूसरे कंधे पर टांगने की कोशिश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बंदूक का ट्रिगर अचानक दब गया और गोली जमीन की तरफ चल गई। गोली जमीन और एटीएम की दीवार से टकराने के बाद छर्रे उछलकर पास खड़े अवधेश राजभर की बाईं कलाई में जा लगे। हादसे में अवधेश लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घायल युवक ने पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद घायल अवधेश किसी तरह चांदमारी पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
उपचार के बाद अवधेश राजभर ने शिवपुर थाने में सुरक्षा गार्ड के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में तैनात सुरक्षाकर्मियों के हथियारों के रखरखाव और ट्रेनिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।