{"vars":{"id": "130921:5012"}}

LIC पॉलिसी के नाम पर 39 लाख की ठगी, फर्जी कंपनियों की रसीद-बॉन्ड देकर ग्रामीणों को फंसाया

वाराणसी के सेवापुरी में LIC पॉलिसी में निवेश का झांसा देकर ग्रामीणों से 39.07 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी कंपनियों की रसीद और कूटरचित बॉन्ड देकर रकम ली। पुलिस आयुक्त के आदेश पर जंसा पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों पर FIR दर्ज की है।

 

वाराणसी: जंसा थाना क्षेत्र में एलआईसी पॉलिसी में निवेश के नाम पर ग्रामीणों से करीब 39 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने ग्रामीणों को एलआईसी में पैसा लगाने और बेहतर रिटर्न दिलाने का भरोसा दिया, लेकिन रकम जमा कराने के बाद उन्हें फर्जी कंपनियों की रसीदें और कूटरचित बॉन्ड थमा दिए। मामले में पुलिस आयुक्त के आदेश पर जंसा पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांच गांवों के ग्रामीणों से लिए गए पैसे

पुलिस के अनुसार, जलालपुर, महम्मदपुर, बड़ौरा, झबरा और गंगापुर गांव के कई ग्रामीण इस मामले में प्रभावित हुए हैं। शिकायत के आधार पर बेरुका गांव निवासी अशोक कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार सिंह और रितेश कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

LIC में निवेश का दिया गया झांसा

आरोप है कि ग्रामीणों को एलआईसी में पैसा निवेश करने के लिए कहा गया। उन्हें बताया गया कि कुछ कनेक्टिंग कंपनियों के जरिए निवेश करने पर सामान्य एलआईसी पॉलिसी की तुलना में अधिक लाभ मिलेगा। भरोसे में लेकर आरोपियों ने ग्रामीणों से किस्तों और एकमुश्त रकम के रूप में पैसे लिए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने एलआईसी में रकम जमा कराने के बजाय फर्जी कंपनियों की रसीदें और कूटरचित बॉन्ड दे दिए। इस तरह अलग-अलग लोगों से कुल 39 लाख 7 हजार रुपये लिए जाने का आरोप है।

मैच्योरिटी पर पैसे मांगने के बाद खुला मामला

पीड़ितों में दिनेश सोनी, खटाई और रामजी पटेल समेत कई अन्य ग्रामीण शामिल बताए गए हैं। आरोप है कि जब निवेश की अवधि पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने मैच्योरिटी की रकम मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। काफी समय तक भुगतान नहीं होने पर ग्रामीणों को अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई। पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद जंसा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब रकम के लेनदेन, दस्तावेजों और कथित फर्जी कंपनियों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।