{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: कुंजविहार कॉलोनी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 युवतियां और 1 युवक गिरफ्तार

 

वाराणसी I वाराणसी में एक बार फिर शनिवार को पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। कैंट थाना क्षेत्र की कुंजविहार कॉलोनी में चल रहे अवैध देह व्यापार का खुलासा करते हुए पुलिस ने मौके से चार युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई SOG-2 की टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस को CP संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर सूचना मिली थी कि कुंजविहार कॉलोनी के एक फ्लैट में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और SOG-2 की टीम ने दबिश दी, जहां मौके से चार युवतियों और एक ग्राहक को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने अनैतिक कार्यों में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। इसके साथ ही मौके पर एक चार पहिया वाहन भी खड़ा मिला, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि, रैकेट का संचालक पुलिस की दबिश से पहले ही फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार की गई युवतियां कहां से लाई गई थीं, उन्हें कौन लेकर आया था और इस पूरे नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था। साथ ही फ्लैट के मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है और इस सिंडीकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।