{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: शेयर ट्रेडिंग में 1 करोड़ को फर्जी मुनाफा दिखाया, ठग लिए 42.60 लाख

काशी विद्यापीठ रोड निवासी ऋषि आहूजा को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने 42.60 लाख रुपये की ठगी का शिकार बना दिया। जयपुर की कथित प्योर प्राफिट कंपनी के कर्मचारियों ने भावनात्मक धोखा देकर ऐप में निवेश करवाया और फर्जी मुनाफा दिखाया। कंपनी का पता फर्जी निकला, तब ठगी का खुलासा हुआ।

 

वाराणसी: काशी विद्यापीठ रोड निवासी कारोबारी ऋषि आहूजा साइबर ठगों के बड़े जाल में फंस गए, जहां उनकी बेटी के नाम पर शेयर ट्रेडिंग का लालच देकर 42.60 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर थाना मामले की जांच कर रहा है।

ऋषि आहूजा के अनुसार, ठगी की शुरुआत जयपुर स्थित प्योर प्राफिट कंपनी के कर्मचारी आकाश सिसोदिया के फोन कॉल से हुई। उसने शेयर ट्रेडिंग में अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया और बेटी की शादी की बात जानकर भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए बड़े रिटर्न का लालच दिया। इसके बाद समीर उपाध्याय नामक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का वरिष्ठ कर्मचारी बताकर निवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और आहूजा को विभिन्न ऐप पर निवेश करने के लिए राजी कर लिया।

शुरुआत में पीड़ित ने एंजल वन ट्रेडिंग ऐप में एक लाख रुपये निवेश किए। बाद में उन्हें कैपिटल मॉन्क ऐप पर ले जाया गया, जहां लगभग 1.8 करोड़ रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाया गया। मगर जब उन्होंने इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो फंड ब्लॉक होने, आईटी जांच और अन्य तकनीकी कारण बताकर पैसे लौटाने से मना कर दिया गया।

संदेह होने पर ऋषि आहूजा के बेटे ईशान आहूजा और रिश्तेदार विकास अरोड़ा जयपुर स्थित कंपनी के बताए गए पते पर पहुंचे, जहां कोई कार्यालय ही नहीं मिला। इसके बाद पूरी ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस अब कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर गिरोह की तलाश कर रही है।