{"vars":{"id": "130921:5012"}}

स्वास्थ्य रैंकिंग में वाराणसी का जलवा, UP के 75 जिलों में मिला पहला स्थान

 

वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में वाराणसी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की प्रगति के आधार पर जारी रिपोर्ट में वाराणसी ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 0.77 कंपोजिट स्कोर के साथ प्रदेश के सभी 75 जनपदों को पीछे छोड़ दिया।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी में जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, टीबी उन्मूलन और टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि वाराणसी ने प्रदेश की स्वास्थ्य रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।

 उन्होंने बताया कि प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में सी-सेक्शन प्रसव प्रबंधन और टीबी केस नोटिफिकेशन के मामले में भी वाराणसी प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।जिले के ब्लॉकों ने भी रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। आराजीलाइन ब्लॉक ने पहला, बड़ागांव ने दूसरा और चोलापुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि चोलापुर ब्लॉक ने सितंबर महीने की आठवीं रैंक से लंबी छलांग लगाते हुए अक्टूबर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग लगातार सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार कर रहा है। विभाग का प्रयास है कि आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे।

प्रदेश की स्वास्थ्य रैंकिंग में वाराणसी का पहले पायदान पर पहुंचना जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।