बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, मौके पर हुई मौत
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धीपुर बाईपास स्थित रोटी ढाबा के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपनी सात वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़कर पैदल घर लौट रही थी। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान आकांक्षा श्रीवास्तव (35) के रूप में हुई है। वह अपने पति राहुल कुमार और परिवार के साथ शिवपुर बाईपास स्थित न्यू अशोक विहार कॉलोनी में पिछले करीब पांच महीने से किराये के मकान में रह रही थीं। राहुल कुमार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा में प्रबंधक हैं।
जानकारी के अनुसार, आकांक्षा रोज की तरह मंगलवार सुबह अपनी सात वर्षीय बेटी को गिलट बाजार स्थित अतुलानंद स्कूल छोड़ने गई थीं। स्कूल से लौटते समय जब वह सुद्धीपुर बाईपास के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी गिलट बाजार से बाबतपुर की ओर जा रही एक सवारी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने यूपी 65 एटी 4626 नंबर की सवारी बस को भी कब्जे में ले लिया है।
घटना की खबर मिलते ही न्यू अशोक विहार कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आकांक्षा शांत स्वभाव की थीं और रोज अपनी बेटी को पैदल स्कूल छोड़ने जाती थीं।
पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।