कोडीन कफ सिरप केस: शुभम जायसवाल के 14 बैंक अकाउंट में पड़े 2 करोड़ सीज, धोखाधड़ी की धाराएं बढ़ीं
वाराणसी में कफ सिरप तस्करी केस के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल पर SIT ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके 14 बैंक खातों में जमा 2 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए। कई अचल संपत्तियों को सीज करने की प्रक्रिया शुरू है। मामले में जालसाजी की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं और रेड कार्नर नोटिस की तैयारी चल रही है।
वाराणसी: कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी में मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल पर शिकंजा और कस गया है। पुलिस कमिश्नरेट की विशेष जांच टीम (SIT) ने उसकी और परिवार के सदस्यों के कुल 14 बैंक खातों में जमा लगभग 2 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए हैं। तस्करी का पूरा नेटवर्क करीब 2,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका के बाद जांच को और तेज कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि शुभम की कई अचल संपत्तियों का विवरण भी सामने आया है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें सीज करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि नए भारत न्याय संहिता (BNS 2023) के तहत पुलिस को ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई के अधिकार प्राप्त हैं।
कमिश्नर के अनुसार, कफ सिरप की अवैध सप्लाई गंभीर मामला है। SIT नियमित समीक्षा कर रही है और कई महत्वपूर्ण वित्तीय लेनदेन सामने आए हैं। यदि ड्रग विभाग की एफआईआर में विसंगतियां न होतीं तो जांच और आगे बढ़ चुकी होती।
पांच दुकानें फर्जी, 21 फर्मों से बड़ा डेटा मिला
जांच में सामने आया कि कई दवा दुकानों से संदिग्ध तरीके से भारी मात्रा में कफ सिरप खरीदा गया था। SIT को 26 दवा दुकानदारों का डेटा मिला है। इनमें से 5 दुकानें अस्तित्व में ही नहीं पाई गईं। शेष 21 दुकानों से 90 हजार से 6 लाख शीशियों तक की बिक्री का रिकॉर्ड मिला। पांचों फर्जी दुकानों के मालिकों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कमिश्नर ने यह भी कहा कि लखनऊ STF की जांच रिपोर्ट पर भी नजर रखी जा रही है। यदि वहां से वाराणसी से जुड़े तथ्य सामने आते हैं, तो SIT उन्हें चार्जशीट में शामिल करेगी।
धोखाधड़ी की धारा बढ़ी, रेड कार्नर नोटिस की तैयारी
पुलिस ने शुभम और उनके पिता भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ दर्ज मामले में जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी की धाराओं को और गंभीर कर दिया है, जिनमें उम्रकैद तक का प्रावधान है।
SIT जल्द ही सोनभद्र जेल में बंद भोला प्रसाद को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त सबूत मिलते ही शुभम को भगोड़ा घोषित कर रेड कार्नर नोटिस जारी करने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।