वाराणसी: काम पर जा रहे ट्रॉली चालक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, मौके पर मौत
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में भोर में ट्रॉली चालक कन्हैया बिंद की अज्ञात तेज रफ्तार वाहन से मौत हो गई। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से घर में मातम छा गया। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की।
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के साजन सिनेमा के सामने भोर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय ट्रॉली चालक कन्हैया बिंद की मौके पर ही मौत हो गई। कन्हैया बिंद रोजाना की तरह सुबह 3 बजे काम पर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक कन्हैया बिंद शिवपुरवा क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कन्हैया बिंद परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे दो बेटियां और तीन बेटे हैं, जिनकी शादी नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए।