वाराणसी से दिल्ली का सफर होगा आसान! 31 अक्टूबर को स्लीपर वंदे भारत समेत 4 ट्रेनों की शुरुआत की तैयारी
वाराणसी से 31 अक्टूबर को स्लीपर वंदे भारत, साबरमती एक्सप्रेस और दो मेमू ट्रेनें शुरू किए जाने की तैयारी है। जानिए स्लीपर वंदे भारत का संभावित समय, नई दिल्ली से कनेक्टिविटी, मेमू ट्रेनों के रूट और वाराणसी जंक्शन पर आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में यात्रियों से मिले सुझावों की जानकारी।
वाराणसी: वाराणसी से नई दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आगामी 31 अक्टूबर को स्लीपर वंदे भारत, साबरमती एक्सप्रेस और दो मेमू ट्रेनों समेत चार रेल सेवाएं शुरू किए जाने की तैयारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बनारस रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने की बात सामने आई है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने उद्घाटन की तारीख की आधिकारिक पुष्टि करने से परहेज किया है।
रात में वाराणसी से चलेगी स्लीपर वंदे भारत
रेल सूत्रों के मुताबिक, स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस रात करीब 9:30 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी। इसके सुबह 4:30 से 5 बजे के बीच नई दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इस समय के हिसाब से यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के बाद आगे की यात्रा के लिए राजधानी समेत दूसरी प्रीमियम ट्रेनों से जुड़ने का विकल्प मिल सकेगा, क्योंकि इनमें से अधिकतर ट्रेनें सुबह 6 बजे के बाद रवाना होती हैं।
वाराणसी से चलेगी साबरमती एक्सप्रेस
चार प्रस्तावित रेल सेवाओं में साबरमती एक्सप्रेस भी शामिल है। यह ट्रेन वाराणसी जंक्शन यानी कैंट स्टेशन से रवाना होगी। इसके शुरू होने से वाराणसी से अहमदाबाद की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को रेल संपर्क का एक और विकल्प मिलने की उम्मीद है।
प्रयागराज और शहर के लिए दो मेमू सेवाएं
बनारस रेलवे स्टेशन से प्रयागराज के लिए नियमित मेमू सेवा चलाने की योजना है। इसके अलावा वाराणसी सिटी और राजातालाब के बीच भी मेमू ट्रेन चलाने की तैयारी है। यह ट्रेन वाराणसी सिटी से चलकर वाराणसी जंक्शन, बनारस स्टेशन, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर होते हुए राजातालाब पहुंचेगी। इस मार्ग पर ट्रेन के कई फेरे लगाने की योजना है।
रेलवे की इस योजना से शहर के भीतर आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने और सड़क पर लगने वाले जाम से राहत की उम्मीद है। निर्धारित समय पर मेमू सेवाएं संचालित होने से रेलवे के राजस्व को भी लाभ मिलने की संभावना है।
एडीआरएम ने यात्रियों से जाना सुविधाओं का हाल
इस बीच, उत्तर रेलवे के रेल जनसंवाद कार्यक्रम के तहत अपर रेल मंडल प्रबंधक बृजेश यादव ने गुरुवार को वाराणसी जंक्शन के यात्री हाल में यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से मौजूदा सुविधाओं के बारे में प्रतिक्रिया ली और रेलवे व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे।
कार्यक्रम में रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, युवाओं और स्थानीय लोगों को शामिल करने की बात कही गई। यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें तत्काल समाधान वाले मामले, संबंधित विभागों के स्तर पर कार्रवाई वाले मामले और रेलवे मुख्यालय या रेलवे बोर्ड के स्तर पर नीतिगत निर्णय से जुड़े मामले शामिल हैं।
प्राप्त सुझावों और जानकारियों को ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा, ताकि उनका समयबद्ध समाधान करने की कोशिश की जा सके। इस दौरान स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता भी मौजूद रहे।