{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने श्री विद्या मठ पहुंचा सपा-कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, समर्थन का ऐलान
 

 

वाराणसी I वाराणसी में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर प्रयागराज में दर्ज मुकदमे को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार दोपहर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल श्री विद्या मठ, केदार घाट पहुंचा और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष ने किया।

सुबह से ही श्री विद्या मठ में हलचल बनी रही। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद अपनी पीठ पर आसीन रहे। मठ परिसर में करीब एक दर्जन अधिवक्ता, उतनी ही संख्या में महिलाएं, 100 से अधिक भक्त और बटुक मौजूद रहे। हालांकि दोपहर तक प्रयागराज पुलिस का कोई अता-पता नहीं था।

इस दौरान सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रभु नारायण पांडेय सहित विनोद शंकर शुक्ला, राकेश कुकरेजा, राकेश मिश्रा, मनिंदर तिवारी, रुद्र त्रिपाठी और मदन मिश्र समेत कई अधिवक्ताओं ने मठ पहुंचकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को समर्थन दिया।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष चंचल शर्मा और सपा-कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी भी समर्थन जताने पहुंचे। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस हर परिस्थिति में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ खड़ी हैं।

सपा नेताओं ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में पहले हिंदू-मुसलमान, फिर हिंदू-हिंदू के बीच विभाजन की राजनीति की गई और अब संतों एवं सनातन का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संतों और सनातन के खिलाफ किसी भी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस नेता चंचल शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने स्वामीजी के साथ किसी प्रकार की सख्ती की, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन करेंगे।