{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने किया 24 लाख का घोटाला, 11 पर FIR 

वाराणसी में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के 11 कर्मचारियों द्वारा ग्रामीण महिलाओं से वसूली गई 24.18 लाख रुपये की रकम गबन करने का मामला सामने आया। फील्ड जांच और ऑडिट में घोटाला उजागर हुआ। पुलिस ने सभी 11 आरोपितों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: ग्रामीण महिलाओं को छोटे व्यवसाय के लिए साप्ताहिक किस्तों पर ऋण देने वाली निजी कंपनी स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड में बड़ा घोटाला सामने आया है। कंपनी के 11 कर्मचारियों ने मिलकर 24 लाख 18 हजार रुपये का गबन कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शिवपुर थाना पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाखा शिवपुर में क्लस्टर मैनेजर वसीम अहमद ने बताया कि शिवपुर, आशापुर और चौबेपुर क्षेत्र में लोन लेने वाली महिलाओं से जब किस्तों में देरी का कारण पूछा गया तो अधिकांश महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि वे समय पर भुगतान कर चुकी हैं। इस पर कंपनी ने फील्ड जांच करवाई, जिसमें खुलासा हुआ कि शाखा प्रबंधक व ऋण अधिकारियों ने महिलाओं से वसूली की रकम कंपनी में जमा न कर गबन कर ली।

कर्मचारियों ने अपनी करतूत छिपाने के लिए कुछ हजार रुपये जमा भी कराए ताकि धोखाधड़ी का शक न हो। लेकिन ऑडिट के दौरान पूरा खेल उजागर हो गया।

शिवपुर पुलिस ने जिन 11 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें अनुज कुमार, अंकुश मौर्या, राहुल सिंह, रवि सिंह, विनय कुमार यादव, चंदन सिंह, राहुल मोदनवाल, विशाल भारद्वाज, विशाल मिश्रा, राहुल कुमार यादव और शिवम सिंह शामिल हैं। पुलिस अब सभी आरोपितों की तलाश कर रही है और कलेक्शन रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।