वाराणसी पुलिस का गौरव: STF अफसरों को वीरता सम्मान, इंस्पेक्टर शिवकांत मिश्रा को राष्ट्रपति पदक
गणतंत्र दिवस 2026 पर वाराणसी STF के चार अफसरों को दो लाख के इनामी अपराधी मनीष सिंह सोनू को मुठभेड़ में ढेर करने के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक दिया जाएगा। अन्य पुलिस अधिकारियों को भी सम्मान मिलेगा।
वाराणसी: यूपी एसटीएफ की वाराणसी इकाई के जांबाज़ अधिकारियों को गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रपति की ओर से वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान दो लाख के इनामी और दुर्दांत अपराधी मनीष सिंह उर्फ सोनू को साहसिक मुठभेड़ में ढेर करने के लिए दिया जा रहा है।
वीरता पदक पाने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल बैजनाथ और हेड कांस्टेबल मनोज सिंह शामिल हैं।
यूपी एसटीएफ की इस टीम ने 22 मार्च 2022 को वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी मनीष सिंह सोनू को मार गिराया था। मनीष सिंह पर हत्या, लूट और संगठित अपराध समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
इसके साथ ही कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवकांत मिश्रा को भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इन सम्मानों से वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट और यूपी एसटीएफ के मनोबल में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
इसी क्रम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला को डीजीपी द्वारा प्रदत्त प्रशंसा चिन्ह ‘सिल्वर’ से सम्मानित किया जाएगा। वहीं रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह को उत्तर प्रदेश शासन की ओर से ‘सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ प्रदान किया जाएगा।