{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: 100 वार्डों में स्ट्रीट लाइट और नाइट स्वीपिंग की होगी जांच, 7 से 19 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
 

 

वाराणसी। शहर में स्ट्रीट लाइट और रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम सात से 19 अक्टूबर तक सभी 100 वार्डों में विशेष जांच अभियान चलाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अभियान के लिए तिथिवार नोडल अधिकारियों और आलोक विभाग के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है।

अभियान के दौरान अधिकारी शाम और रात के समय वार्डों का निरीक्षण कर सड़कों पर प्रकाश और सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लेंगे। मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक सड़कों और गलियों में लगी स्ट्रीट लाइटों की संख्या और उनकी स्थिति की जांच की जाएगी।

निरीक्षण में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के साथ पीली या कम रोशनी देने वाली लाइटों को भी चिह्नित किया जाएगा। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए गठित साप्ताहिक टीम की सक्रियता और निर्धारित समय पर लाइटों के ऑन-ऑफ होने की व्यवस्था भी जांची जाएगी।

डार्क स्पॉट होंगे चिह्नित

विशेष अभियान के दौरान वार्डों में उन स्थानों का सर्वे किया जाएगा, जहां पर्याप्त रोशनी नहीं है। ऐसे ‘डार्क स्पॉट’ को चिह्नित कर जरूरत के अनुसार नई स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

नगर निगम का लक्ष्य मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक गलियों और संपर्क मार्गों पर भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की भी होगी जांच

अधिकारियों को नाइट स्वीपिंग व्यवस्था का भी मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान रात में सफाई के लिए तैनात सफाई मित्रों की उपस्थिति और सफाई के स्तर की जांच की जाएगी।

प्रत्येक नोडल अधिकारी को प्रतिदिन किए गए निरीक्षण की रिपोर्ट नगर निगम के आईटी एक्सपर्ट विद्या प्रकाश दुबे को भेजनी होगी। इन रिपोर्टों के आधार पर समेकित रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त और प्रभारी अधिकारी (आलोक) के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।