वाराणसी: समर स्पेशल ट्रेन के इंजन पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज करंट से झुलसकर गिरा
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के आउटर पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बनारस-मुंबई समर स्पेशल ट्रेन के इंजन पर एक विक्षिप्त युवक चढ़ गया। ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन में प्रवाहित हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में युवक का पेट बुरी तरह जल गया, जबकि हाथ और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01074 बनारस-मुंबई समर स्पेशल शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हुई थी। ट्रेन के आगे बढ़ने के कुछ ही देर बाद एक युवक पीछे से इंजन संख्या डब्ल्यूएपी-9 एसी 42845 के ऊपर चढ़ गया। जैसे ही वह ओएचई लाइन के संपर्क में आया, उसे तेज करंट का झटका लगा और वह नीचे गिर गया। घटना के कारण इंजन का पेंटोग्राफ डाउन हो गया, जिससे ट्रेन को रोकना पड़ा।
लोको पायलट महावीर मौर्य ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ उपनिरीक्षक राम कंवर और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव ने घायल युवक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया। इसके बाद युवक को मंडलीय रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरपीएफ के अनुसार घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हालांकि उसके शरीर पर 'गोविंद कुमार' और 'गांव हरहुआ' गुदा हुआ मिला है। इसी आधार पर उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।