वाराणसी: टैक्सी किराए में 2 रुपये प्रति किलोमीटर की वृद्धि, डिजायर 13 रुपये, एर्टिगा...
वाराणसी। डीजल, पेट्रोल और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को होटल त्रिदेव ग्रैंड में आयोजित की गई। बैठक में टैक्सी किरायों में 2 रुपये प्रति किलोमीटर की तत्काल प्रभाव से वृद्धि लागू करने का निर्णय लिया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से विभिन्न टैक्सी संगठनों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद पहली बार किराए बढ़ाए गए हैं, जबकि इस दौरान महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।
नई दरों के अनुसार अब डिजायर का किराया 13 रुपये प्रति किलोमीटर, एर्टिगा 16 रुपये, इनोवा क्रिस्टा 20 रुपये, टेम्पो ट्रैवलर 30 रुपये और अर्बनिया 35 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। हालांकि न्यूनतम रनिंग किलोमीटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह लोकल यात्रा के लिए 200 किलोमीटर और आउटस्टेशन के लिए 250 किलोमीटर प्रतिदिन की बिलिंग व्यवस्था लागू रहेगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टैक्सी वाहनों पर लागू किए गए वन टाइम टैक्स का भी कड़ा विरोध किया गया। टैक्सी संचालकों ने कहा कि सभी नई और पुरानी गाड़ियों पर 15 वर्षों का एकमुश्त रोड टैक्स जमा करने का आदेश आर्थिक रूप से भारी बोझ है। 3-4 साल पुरानी गाड़ियों पर भी 1 से 2 लाख रुपये तक टैक्स की बाध्यता को अन्यायपूर्ण बताया गया।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि इस नीति के खिलाफ पूरे प्रदेश में विरोध जारी है और जल्द ही व्यापक आंदोलन किया जा सकता है। बैठक में कई टैक्सी संचालक और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें राम पांडेय, रौनक शर्मा, गौरव रुपानी, अरुण सिंह, सतीश सिंह, शानू राय, प्रकाश सिंह, बच्चा सिंह और राका यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।