वाराणसी: पिंडरा में बनेगा टेक्नोलॉजी सेंटर, MSME को निशुल्क मिलेगी 12 एकड़ भूमि; पूर्वांचल के युवाओं को मिलेगा रोजगार
वाराणसी। पूर्वांचल के छोटे और मझोले उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए वाराणसी के पिंडरा में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पिंडरा गांव में करीब 12 एकड़ जमीन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय को निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा है। केंद्र का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को तकनीकी सहायता देना और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के जरिए रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, पिंडरा गांव की आराजी संख्या 3957 में कुल 17.563 हेक्टेयर भूमि है। इसमें से 4.856 हेक्टेयर, यानी करीब 12 एकड़, केंद्र के लिए चिह्नित की गई है। प्रस्ताव के तहत राज्य सरकार यह जमीन किसी दावे या देनदारी से मुक्त और बिना शुल्क के उपलब्ध कराएगी।
देशभर में 20 टेक्नोलॉजी सेंटर बनाने की योजना
वाराणसी का प्रस्तावित केंद्र उस केंद्रीय योजना का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर में 20 टेक्नोलॉजी सेंटर और 100 विस्तार केंद्र स्थापित किए जाने हैं। योजना ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल पर आधारित है। इसमें मुख्य टेक्नोलॉजी सेंटर से छोटे विस्तार केंद्र जुड़े रहते हैं, ताकि तकनीकी सेवाएँ और प्रशिक्षण ज्यादा क्षेत्रों तक पहुँच सकें।
स्थानीय उद्योगों को तकनीकी मदद, युवाओं को प्रशिक्षण
केंद्रीय योजना में उद्यमों को तकनीकी सहायता और कारोबारी परामर्श देने के साथ नए उद्यम शुरू करने वालों को सहयोग देने का प्रावधान है। पिंडरा में केंद्र शुरू होने से स्थानीय इकाइयों को अपनी उत्पादन प्रक्रिया सुधारने और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, वाराणसी और आसपास के जिलों के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तकनीकी कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।