वाराणसी में टेंडर घोटाले पर बड़ी कार्रवाई: 29 फर्में ब्लैकलिस्ट
वाराणसी। टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के मामले में नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए 29 फर्मों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन फर्मों पर आरोप है कि इन्होंने टेंडर में भाग लेने के बावजूद निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया और समय पर आवश्यक शुल्क भी जमा नहीं किया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया के दौरान चयनित फर्मों के लिए तय समय सीमा में सिक्योरिटी राशि (इंपैक्ट) और टेंडर फीस जमा करना अनिवार्य था। इसके बावजूद संबंधित फर्मों ने न तो शुल्क जमा किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए नगर निगम ने यह कड़ा कदम उठाया है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी और पारदर्शिता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी फर्म मानकों का पालन नहीं करेगी, उसके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ब्लैकलिस्ट की गई फर्मों में मेसर्स बीएलडी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर, मेसर्स गंगा कंस्ट्रक्शन, मेसर्स शांति इं.प्रा., मे. देव इंटरप्राइजेज, मे. सिद्धार्थ कंस्ट्रक्शन, मे. बाबा विश्वनाथ कंस्ट्रक्शन, मे. रवि नारायण सिंह, मे. श्री बद्री विशाल विभु इ.प्रा सहित कुल 29 फर्में शामिल हैं।