{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi : आठ बीघा अवैध प्लाटिंग पर चला विकास प्राधिकरण का बुलडोजर, कई इलाकों में हुई कार्रवाई

 

वाराणसी। बिना लेआउट पास कराए की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ विकास प्राधिकरण का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी जोन-1 और जोन-3 की प्रवर्तन टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में लगभग आठ बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड शिवपुर के मौजा लोढ़ान में करीब एक बीघा क्षेत्र में बिना किसी स्वीकृत लेआउट के प्लाटिंग की जा रही थी। मौके पर प्लाटिंग कराने वाले व्यक्ति का पता नहीं चल सका। वहीं परमानंदपुर, होलापुर में विनीत पांडेय द्वारा लगभग डेढ़ बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाट काटे जा रहे थे, जिन्हें प्रवर्तन टीम ने ध्वस्त कर दिया।

इसी तरह पिसौर क्षेत्र में स्वास्तिक बिल्डिंग मैटेरियल के पीछे दंगली सिंह और आत्मा सिंह द्वारा लगभग डेढ़ बीघा में की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी बुलडोजर चलाकर खत्म कर दिया गया।

इसके अलावा वार्ड दशाश्वमेध के उदयराजपुर, घाटमपुर में संदीप गुप्ता द्वारा करीब दो बीघा भूमि पर बिना लेआउट स्वीकृति के बनाए गए प्लाट तोड़े गए। मनियारपुर, दरेखु में मनदीप सिंह द्वारा लगभग दो बीघा क्षेत्र में की गई प्लाटिंग पर भी विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई की।

इस पूरे अभियान के दौरान मौके पर जोनल अधिकारी सौरभदेव प्रजापति और शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता रविंद्र प्रकाश और रोहित कुमार, प्रवर्तन दल के सदस्य, सुपरवाइजर तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। विकास प्राधिकरण ने साफ किया है कि आगे भी बिना स्वीकृत लेआउट के होने वाले किसी भी निर्माण या प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।