{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi : तेरहवीं कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने घर में किया हाथ साफ, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े

 

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद दो मंजिला मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का मुख्य ताला काटकर अंदर घुसे और करीब 12 लाख रुपये के गहनों के साथ 1 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के गड़वा-काजिसराय मार्ग की बताई जा रही है, जहां Ashwani Patel का मकान बंद पड़ा था।

तेरहवीं कार्यक्रम में गए थे परिवार के लोग

जानकारी के मुताबिक, अश्वनी पटेल के पिता का 24 मई 2026 को निधन हो गया था। परिवार के सदस्य तेरवहीं कार्यक्रम की तैयारियों के लिए काजिसराय स्थित पुराने घर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया।

बताया जा रहा है कि जिस मकान में चोरी हुई, वहां से करीब 500 मीटर दूरी पर परिवार के लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को भी घटना की भनक तक नहीं लगी।

तीन कमरों के ताले तोड़कर की चोरी

चोरों ने घर के तीन कमरों को खंगाला। बदमाशों ने अलमारी, बक्सों और बेड बॉक्स के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और तेरही कार्यक्रम के लिए रखी गई नकदी चोरी कर ली।

सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो मुख्य गेट का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

एक महीने में तीसरी बड़ी चोरी

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर इलाके में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है। इससे पहले 14 मई 2026 को गड़वा गांव में कालीचरण प्रजापति के बंद मकान में शौचालय के रास्ते घुसकर करीब 3 लाख रुपये की चोरी की गई थी। वहीं उसी दिन बालीपुर गांव निवासी राधेश्याम यादव के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था।

पुलिस जांच में जुटी

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर और नाराजगी का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।