{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी : अंतिम संस्कार में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया घर, नकदी-जेवरात समेत लाखों का माल ले उड़े

 

वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित मवैया इलाके में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि मकान मालिक अपने बड़े भाई के निधन के बाद अंतिम संस्कार और मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर बंद होने का फायदा उठाया और देर रात मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

बदमाशों ने घर में रखे कीमती सामान, जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आराम से फरार हो गए। सुबह जब परिवार वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित कई जगहों पर चोरी के निशान मिले।

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना के खुलासे के लिए टीमों को लगाया गया है। आसपास के संदिग्धों और पुराने अपराधियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।