बनारस को जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत की सौगात, जालंधर तक होगा सीधा सफर
वाराणसी। वाराणसी से जालंधर के बीच जल्द ही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। रेलवे इस नई ट्रेन को सप्ताह के सातों दिन चलाने की तैयारी में जुटा है। बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए इसे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के रास्ते संचालित करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।
हालांकि, ट्रेन के संचालन की तिथि और अंतिम रूट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। रेलवे के संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रविवार देर रात मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और बनारस रेल मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने अधिकारियों की टीम के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रेलवे अधिकारी फिलहाल वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के संचालन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि करने से बच रहे हैं। वर्तमान में वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दो वंदे भारत ट्रेनों समेत कुल सात ट्रेनें (जिसमें एक साप्ताहिक है) संचालित हो रही हैं। इसके अलावा तीन रन-थ्रू ट्रेनें और 17 ऐसी ट्रेनें भी हैं, जिनका संचालन सप्ताह में दो या तीन दिन होता है।
वाराणसी कैंट और बनारस रेलवे स्टेशन से चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है और सीटों की उपलब्धता लगभग पूरी तरह भर जाती है। ऐसे में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से दिल्ली, पंजाब और जम्मू की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से माता वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को इस ट्रेन का लाभ मिलेगा। फिलहाल वाराणसी से जम्मू जाने के लिए बेगमपुरा एक्सप्रेस यात्रियों का प्रमुख विकल्प है। नई वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को तेज, आधुनिक और अधिक आरामदायक यात्रा का विकल्प मिल सकेगा।