वाराणसी: चलती कार में घुसा ट्रैक्टर का सरिया, टला बड़ा हादसा
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चौकाघाट से पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग पर वाराणसी ट्रेड सेंटर के सामने ट्रैक्टर पर लदे लोहे के लंबे सरिए अचानक आगे चल रही कार में घुस गए। हादसे में कार का पिछला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कार चला रहे बैंक कर्मी सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर पर लोहे के सरियों के बंडल लदे हुए थे। अचानक ब्रेक लगने से एक बंडल आगे खिसक गया और पीछे चल रही कार के पिछले हिस्से का शीशा तोड़ते हुए अंदर तक जा पहुंचा। कार एचडीएफसी बैंक की लंका शाखा में कार्यरत एक कर्मचारी की बताई जा रही है। उस समय कार में चालक अकेला मौजूद था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शीशे में फंसे सरिए को निकलवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
कैंट पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष थाने पहुंचे हैं। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी सामान ढोने वाले वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोहे के सरिए, पाइप या अन्य लंबे सामान ले जाते समय उन्हें मजबूत तरीके से बांधना और सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।