वाराणसी में आज इन रास्तों पर नहीं जा सकेंगे बड़े वाहन, शाम 4 बजे से ऑटो-ई-रिक्शा पर भी रोक; देखें पूरा रूट डायवर्जन
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और असम के मुख्यमंत्री के वाराणसी आगमन को देखते हुए बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। हरहुआ, चांदपुर, लोहता, अखरी, सिगरा, लहरतारा, मैदागिन और गोदौलिया समेत कई इलाकों में वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।
एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र की ओर से जारी यातायात व्यवस्था के मुताबिक, जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन भी रोका जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखना जरूरी होगा।
सुबह 11 बजे से इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
बाबतपुर से हरहुआ की ओर आने वाली बसें:
बाबतपुर की तरफ से हरहुआ ओवरब्रिज की ओर आने वाली रोडवेज और निजी बसों को फ्लाईओवर से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें:
इन क्षेत्रों से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक आने दिया जाएगा। यहां से बसों को परमपुर, लोहता होते हुए चांदपुर चौराहा की ओर भेजा जाएगा।
मोहनसराय से आने वाले बड़े वाहन:
मोहनसराय अंडरपास की तरफ से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें अखरी और रखौना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
चांदपुर चौराहा:
चांदपुर चौराहे से बड़े वाहनों को जगतपुर की ओर जाने से रोका जाएगा। इन्हें लोहता-परमपुर की तरफ भेजा जाएगा।
अमरा-अखरी अंडरपास से आने वाली बसें:
इन बसों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। बसों को डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जरूरत पड़ने पर ऑटो-ई-रिक्शा भी बंद रहेंगे
ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में पुलिस लाइन, चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया से सिगरा तक तथा भिखारीपुर से लहरतारा-चांदपुर मार्ग पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन रोका जा सकता है।
इस दौरान यात्रियों और स्थानीय वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
शाम 4 बजे से मैदागिन और चौकाघाट क्षेत्र में अतिरिक्त रोक
शाम चार बजे से यातायात व्यवस्था में एक और बदलाव किया जाएगा। लकड़ी मंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन और विशेश्वरगंज क्षेत्र में ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर रोक रहेगी।
इसके अलावा विशेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
राजघाट पुल से मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद
शाम चार बजे से राजघाट पुल-सूजाबाद मार्ग पर मालवाहक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। इससे इस रूट से आने-जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
सिगरा और रथयात्रा से आने वाले वाहनों का रूट बदलेगा
सिगरा और रथयात्रा की तरफ से साजन तिराहा आने वाले वाहनों को आकाशवाणी तिराहा होते हुए महमूरगंज की ओर भेजा जाएगा।
वहीं, मंडुवाडीह से महमूरगंज की तरफ आने वाले वाहनों को ककरमत्ता-भिखारीपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगी व्यवस्था
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह यातायात व्यवस्था वीआईपी आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए लागू की गई है। सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रमुख डायवर्जन प्रभावी रहेंगे, जबकि कुछ अतिरिक्त प्रतिबंध शाम चार बजे से लागू होंगे।
ऐसे में बुधवार को वाराणसी के इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों के लिए जरूरी है कि वे निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।