वाराणसी: बंद घर में चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 3 लाख के आभूषण और 2 लाख नकद बरामद
वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की लंका थाना पुलिस ने बंद घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी चोरी के सामान का बंटवारा कर शहर छोड़ने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को लंका थाना क्षेत्र स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर 26 जून को थाना लंका में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 28 जून को बजबजा प्लांट के पास खाली जमीन से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन यादव (20 वर्ष) और राजकुमार भारती (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रोहनिया थाना क्षेत्र के मुड़ादेव गांव के निवासी हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चुराई थी। चोरी के कुछ आभूषण बेच दिए थे, जबकि बाकी सामान और नकदी का आपस में बंटवारा कर शहर छोड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल दो लाख रुपये नकद, एक पायल, बिछिया, सोने की अंगूठी, झुमका, लौंग, नाक की रिंग, कुंडल (बाली) सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को थाना लंका पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।