{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: चौबेपुर में कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो दोस्तों की मौत, पोता गंभीर

 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बभनपूरा के सामने रिंग रोड पुल पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इंडिका कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 10 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत कमौली निवासी रविंद्र कुमार मिश्रा (44) और ग्राम पंचायत सिंहवार निवासी श्रीनरायन यादव (60) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। दोनों सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार को वे चंदौली जनपद के सकलडीहा में एक सहकर्मी के मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापसी के समय श्रीनरायन यादव अपने 10 वर्षीय पोते प्रियांशु यादव के साथ एक ही बाइक पर सवार थे।

रात करीब 9:30 बजे, जब बाइक बभनपूरा गांव के सामने रिंग रोड की ढलान से नीचे उतरने के लिए मुड़ी, तभी वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार इंडिका कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर उछलकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चौबेपुर इंद्रेश कुमार और चौकी प्रभारी चांदपुर रोशन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान रविंद्र कुमार मिश्रा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि श्रीनरायन यादव और प्रियांशु गंभीर अवस्था में तड़प रहे थे। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने श्रीनरायन यादव को भी मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रियांशु यादव का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही कमौली और सिंहवार दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्रीनरायन यादव के परिवार में पत्नी चम्पा देवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घायल प्रियांशु यादव उनके पुत्र सुनील यादव का बेटा है और कक्षा पांच का छात्र है। वहीं, मृतक रविंद्र कुमार मिश्रा के परिवार में पत्नी ममता देवी और एक पुत्र विनीत कुमार है, जो स्नातक का छात्र है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इंडिका कार को कब्जे में लेकर दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष चौबेपुर इंद्रेश कुमार ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।