{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: आशा पुस्तकालय नागेपुर की दो मेधावी बेटियों को 42.40 लाख रुपये की स्कॉलरशिप
 

 

वाराणसी। मंजिल उन्हें ही मिलती है जिनके हौसलों में उड़ान होती है—इस कहावत को सच साबित करते हुए वाराणसी की दो मेधावी बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मेंहदीगंज निवासी गुड़िया को बीएससी बायोलॉजी और परमानंदपुर की मुस्कान को बीएससी केमिस्ट्री में 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप के साथ अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिला है।

दोनों छात्राओं को चार वर्षीय स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रम की पढ़ाई के लिए प्रत्येक को 21 लाख 20 हजार रुपये, यानी कुल 42 लाख 40 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। खास बात यह है कि दोनों मेधावी छात्राएं आर्थिक रूप से साधारण परिवारों से हैं। गुड़िया बुनकर मजदूर परिवार से और मुस्कान किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं।

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा ट्रस्ट और लोक समिति द्वारा संचालित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़ी इन छात्राओं की सफलता पर रविवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान आशा ज्ञान पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह ने दोनों छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

समारोह में लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर, नागेपुर के ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, पंचायत सचिव सुरजीत गुप्ता तथा गंजारी के ग्राम प्रधान अमित कुमार ने मेधावी छात्राओं को उपहार भेंट कर मिठाई खिलाते हुए सम्मानित किया।

नन्दलाल मास्टर ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय स्तर पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित करती है। इसमें सफल होने वाले चुनिंदा छात्रों को ही 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति का लाभ मिलता है।

उन्होंने बताया कि इन छात्राओं की सफलता के पीछे आशा ज्ञान पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह, अवनीश, सीएलई ट्रस्ट के राहुल पाण्डेय, शालिनी, सरिता, लीला बहन, सिद्धार्थ जी, अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी और अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। दोनों छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय सभी सहयोगियों और मार्गदर्शकों को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने कहा कि इन बेटियों ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

इस अवसर पर अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी भोपाल के स्कॉलर छात्र अनीष, सोनी, अरविंद, मनीष, आलोक, आंशिक, शिवानी, पायल, कोमल, गुंजा, दिव्या सहित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़े दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।