{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UGC नियमों के खिलाफ वाराणसी में बड़ा प्रदर्शन, BJP बूथ अध्यक्ष विकास मिश्रा ने दिया इस्तीफा

UGC के नए नियमों के विरोध में वाराणसी जिला मुख्यालय पर छात्रों और संगठनों ने प्रदर्शन किया। इसी बीच BJP बूथ अध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने UGC और SC/ST एक्ट के समर्थन का विरोध करते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इन कानूनों को समाज को बांटने वाला बताया।

 

वाराणसी: UGC के नए नियमों के खिलाफ मंगलवार को वाराणसी में जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जिला मुख्यालय के पास बड़ी संख्या में छात्र, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग जुटे और नारेबाजी करते हुए UGC नियमों को वापस लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नए नियम शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। इसी को लेकर उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नियमों पर पुनर्विचार की मांग की।

इसी बीच राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई जब भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष विकास कुमार मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष को भेजे पत्र में लिखा कि वे UGC और SC/ST एक्ट से जुड़ी मौजूदा नीतियों से असहमत हैं।

विकास मिश्रा ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा रहा है और वे वर्तमान में चिरईगांव मंडल में बूथ अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे। लेकिन पार्टी द्वारा जिन नीतियों का समर्थन किया जा रहा है, वे उनके वैचारिक और नैतिक सिद्धांतों के खिलाफ हैं।

पत्र में उन्होंने लिखा, ये कानून समाज में विभाजन पैदा करने वाले हैं। ऐसे फैसलों के साथ जुड़े रहना मेरे आत्मसम्मान और विचारधारा के खिलाफ है। इसलिए मैं अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं।

सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा पत्र सामने आने के बाद उस पर वापस लेने और डिलीट करने का दबाव भी बनाया गया, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

फिलहाल UGC नियमों को लेकर वाराणसी सहित कई जगहों पर विरोध के स्वर तेज होते जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक हलचल और बढ़ने की संभावना है।