वाराणसी: बाबतपुर एयरपोर्ट से एयर इंडिया की ‘हब एंड स्पोक’ सेवा शुरू, केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने किया शुभारंभ
वाराणसी। पूर्वांचल के यात्रियों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयर इंडिया की ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा का केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने शुभारंभ किया। इस नई सेवा के माध्यम से वाराणसी अब दिल्ली हब के जरिए दुनिया के कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से सीधे जुड़ सकेगा।
एयरपोर्ट पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने चार यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान कर सेवा की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विपिन कुमार, मंत्रालय के अपर सचिव पुनीत कंसल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता तथा एयर इंडिया के अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि वाराणसी की हवा, पानी, मिट्टी और धरती के हर कण में भगवान शिव की शक्ति महसूस होती है। उन्होंने कहा कि यह केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शुरू हो रही यह पहल भारत को वैश्विक विमानन केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय विमानन क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में विमानन क्षेत्र में हुआ यह विकास दुनिया के लिए भी आश्चर्य का विषय है।
एयर इंडिया की इस नई व्यवस्था के तहत वाराणसी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्रियों को दिल्ली हब के माध्यम से यूरोप, उत्तरी अमेरिका, खाड़ी देशों, दक्षिण-पूर्व एशिया समेत अनेक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे पूर्वांचल के यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरीश ने बताया कि हब एंड स्पोक मॉडल के जरिए क्षेत्रीय शहरों को देश के प्रमुख विमानन केंद्रों से जोड़कर यात्रियों को अधिक विकल्प, बेहतर कनेक्शन समय और व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण वाराणसी को वैश्विक नेटवर्क से जोड़ना एयर इंडिया की रणनीति का अहम हिस्सा है।
वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पूर्वांचल की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा आसान होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने इस नई विमान सेवा को क्षेत्रीय विकास और अंतरराष्ट्रीय संपर्क को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।