वाराणसी में 15 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का लक्ष्य, आज से शुरू होगा वन महोत्सव सप्ताह
वाराणसी: कंक्रीट के तेजी से फैलते शहर के बीच हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से वन विभाग 1 जुलाई से वन महोत्सव सप्ताह की शुरुआत करने जा रहा है। सप्ताहभर चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बड़े पैमाने पर पौधारोपण, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान में सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस साल 15.33 लाख पौधारोपण का लक्ष्य
वन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में 15,33,240 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें वन विभाग स्वयं 2.01 लाख पौधों का रोपण करेगा, जबकि शेष पौधे विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से लगाए जाएंगे। विभाग का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और बेहतर देखभाल को भी सुनिश्चित करना है।
सड़क, स्कूल, पंचायत भवन और सरकारी जमीन बनेगी हरियाली का केंद्र
अभियान के तहत सड़क किनारे, विद्यालय परिसरों, पंचायत भवनों, पार्कों, सरकारी कार्यालयों और खाली पड़ी सरकारी भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, शीशम, जामुन समेत कई छायादार और फलदार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिल सके।
स्कूलों में प्रतियोगिताएं, छात्रों को मिलेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
वन महोत्सव सप्ताह के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में पर्यावरण संरक्षण विषय पर निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता और जागरूकता रैली आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण और वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण को नई पीढ़ी से जोड़ा जा सके।
किसानों को कृषि वानिकी अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को कृषि वानिकी (एग्रो फॉरेस्ट्री) को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। किसानों को खेतों की मेड़ों पर पौधे लगाने और पर्यावरण के साथ अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सप्ताहभर अलग-अलग स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
1 जुलाई को सेवाभारती इंटर कॉलेज रघुनाथपुर में सेवापुरी विधायक नीलरतन पटेल 'नीलू' की पुत्री अदिति सिंह, अनेई ग्राम समाज में पिंडरा विधायक अवधेश सिंह तथा शिवपुर सेंट्रल जेल परिसर में स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल मुख्य अतिथि होंगे।
2 जुलाई को सथवां ग्राम समाज में अजगरा विधायक टी. राम पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
3 जुलाई को करसड़ा स्थित डोमरी डीह बाबा तालाब में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल तथा भीषमपुर में अदिति सिंह कार्यक्रम में भाग लेंगी।
5 जुलाई को पश्चिमपुर ग्राम समाज और निबंध प्रतियोगिता कार्यक्रम में विधायक अवधेश सिंह मौजूद रहेंगे।
6 जुलाई को परसड़ा ग्राम समाज में पौधारोपण और भाषण प्रतियोगिता में भी विधायक अवधेश सिंह शामिल होंगे।
7 जुलाई को कस्तूरबा गांधी बालिका कंपोजिट विद्यालय, सारनाथ में पौधारोपण, गोष्ठी और छात्र प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में मंत्री रवींद्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
वन विभाग का मानना है कि यदि आमजन भी इस अभियान से जुड़ते हैं तो वाराणसी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा बदलाव संभव होगा।