{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: चोरी की R-15 बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार,घूम घूमकर ढूंढता था शिकार

 

Varanasi : पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की बाइक आर-15 और 2800 रुपये नकद के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में सिगरा थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शनि विश्वकर्मा (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त को रेलवे क्वार्टर मैदान, थाना सिगरा क्षेत्र से 22 जनवरी 2026 को पकड़ा गया।

चोरी की बाइक और नकदी बरामद

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल Yamaha R-15 (वाहन संख्या UP65CV4431), 2800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना का विवरण

पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को वादी की बाइक रेलवे पार्किंग एनईआर, सिगरा में खड़ी थी, जो वापस लौटने पर गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक न मिलने पर थाना सिगरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पूछताछ में कबूल किया अपराध

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त शनि विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि वह वाराणसी में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। उसने बताया कि उक्त बाइक 19 जनवरी को रेलवे एनईआर ग्राउंड से चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना सिगरा में पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी से जुड़े गंभीर मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में संजय मिश्रा (प्रभारी निरीक्षक), पंकज कुमार पाण्डेय (उप निरीक्षक).मनोज कुमार चौहान (उप निरीक्षक), पंकज यादव सहित अन्य मौजूद रहे।