वाराणसी: चौबेपुर थाने में महिला की पिटाई का कथित वीडियो वायरल, महिला उपनिरीक्षक पर थप्पड़ मारने का आरोप
वाराणसी I वाराणसी के चौबेपुर थाना परिसर में तैनात महिला उपनिरीक्षक द्वारा एक महिला की कथित पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। करीब आठ सेकेंड के वायरल वीडियो में एक महिला उपनिरीक्षक एक महिला को लगातार कई थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव का है। गांव में आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर पहले पंचायत भी हो चुकी थी। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार, दूसरे पक्ष की गीता पत्नी रामसेवक की महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह से किसी बात को लेकर बहस हो गई। बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने के दौरान महिला उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर गीता को कई थप्पड़ मार दिए। घटना के समय मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वहीं, कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि गीता के पति को पुलिस किसी मामले में पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद गीता भी थाने पहुंचीं और पति को बुलाए जाने का कारण पूछने लगीं। इसी दौरान विवाद बढ़ने की बात सामने आ रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की ओर से घटना को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।