वाराणसी में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का DM ने किया निरीक्षण, नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए होंगे सास-बहू सम्मेलन
वाराणसी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कई बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए सास-बहू सम्मेलन आयोजित कराने, घर-घर जाकर छूटे मतदाताओं की पहचान करने और आवेदन समय से अपलोड कराने के निर्देश दिए।
वाराणसी। वाराणसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान छूटे हुए मतदाताओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करने और नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सास-बहू सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए।
कई बूथों पर पहुंचकर DM ने जांचा पुनरीक्षण कार्य
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार के साथ सुधाकर महिला कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय आशापुर प्रथम, आजाद पार्क हैसतल्ले, अवर अभियंता (सिविल) जैतपुरा और मदरसा मजहरूल उलूम के बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने 18-19 वर्ष के युवाओं, महिलाओं से जुड़े आवेदन और प्राप्त फॉर्म की री-चेकिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों की पहचान करने को कहा।
नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए होंगे सास-बहू सम्मेलन
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों पर सास-बहू सम्मेलन आयोजित कराने के निर्देश दिए। इन सम्मेलनों के माध्यम से नई शादी-शुदा महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने और उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित महिलाओं को जागरूक करते हुए उनका पंजीकरण कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट न जाए।
ग्राम प्रधान और कोटेदार के माध्यम से भी होगा सत्यापन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और उपस्थित नागरिकों से संवाद कर पुनरीक्षण कार्य की जमीनी स्थिति जानी। उन्होंने बीएलओ को अपने बूथ की मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहने देने के निर्देश दिए।
इसके लिए गांवों में ग्राम प्रधान और कोटेदार के माध्यम से भी मतदाता सूची का सत्यापन कराने को कहा गया। विशेष अभियान दिवस पर प्राप्त सभी आवेदन पत्रों को समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड कराने के निर्देश दिए, जिससे पात्र और छूटे हुए नए मतदाताओं के नाम सूची में जल्द शामिल किए जा सकें।
लापरवाही पर सुपरवाइजर और BLO के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने सुपरवाइजर और बीएलओ को विशेष अभियान दिवस का अधिकतम लाभ उठाने के लिए घर-घर संपर्क, जनजागरूकता और बूथ स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजर और बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।