{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में बदला मौसम का मिजाज: तेज आंधी, बारिश और कई इलाको में ओलावृष्टि
 

 

वाराणसी: पूर्वांचल सहित वाराणसी में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहा, लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे के बाद आसमान में बादलों की सक्रियता बढ़ गई और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

सबसे पहले भदोही जिले में मौसम बदला, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। इसके साथ ही ओलावृष्टि भी देखने को मिली, जिससे आम के टिकोरे और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई। वाराणसी और आसपास के इलाकों में भी बूंदाबांदी, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर चला।

अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौसम विभाग ने पहले ही बादलों की सक्रियता और हल्की बारिश का अनुमान जताया था, जो अब सही साबित होता दिख रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोकल हीटिंग के कारण इसी तरह मौसम में बदलाव बना रह सकता है।

आगे भी पूर्वांचल में आंशिक बादल, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अगर यह स्थिति जारी रही, तो मानसून की सक्रियता भी समय से पहले देखने को मिल सकती है।