वाराणसी : तेज रफ्तार एंबुलेंस ने ऑटो सवार महिला को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत
Varanasi : राजातालाब थाना क्षेत्र के कोईली पुल के पास राजातालाब-जख्खिनी मार्ग पर शनिवार की रात तेज रफ्तार में आ रही एंबुलेंस ने ऑटो सवार महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान जंसा थाना क्षेत्र के रैसीपुर निवासी अमित सिंह की पत्नी प्रियंका सिंह उर्फ पिंकी (उम्र करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका सिंह अपने मायके जख्खिनी क्षेत्र के सीहोरवा दक्षिणी गांव में बीमार भतीजे से मिलने के लिए ऑटो से जा रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही जख्खिनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस ने उनसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत जख्खिनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के दो बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव में मातम छा गया। परिजनों ने मृतका के शव को लेकर जख्खिनी पुलिस चौकी पर पहुंचकर मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
मामला गंभीर होने पर मौके पर राजातालाब के उप जिलाधिकारी शांतनु कुमार सिन्हा और एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।