{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: कूड़ा बीनने वाली महिला ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, कचरे में मिले 4 सोने के सिक्के पुलिस को सौंपे
 

 

वाराणसी। धर्म नगरी काशी के शिवपुर थाना क्षेत्र से ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। शिवपुर क्षेत्र के नट बस्ती (दूधहिया पोखरा, परमानंदपुर) में कूड़ा बीनने का काम करने वाली एक महिला ने कचरे के ढेर से मिले सोने जैसे दिखने वाले चार पीली धातु के सिक्कों को बिना किसी लालच के पुलिस के हवाले कर दिया। महिला की इस ईमानदारी की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

कूड़ा बीनते समय मिले चमकीले सिक्के

जानकारी के अनुसार, नट बस्ती दूधहिया पोखरा निवासी सुनिता बनवासी, पत्नी बब्लू बनवासी, रोज की तरह परमानंदपुर क्षेत्र में कूड़ा बीनने गई थीं। इसी दौरान उन्हें कचरे के बीच एक थैली में कुछ चमकीले सिक्के दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर वे पीली धातु के सिक्के प्रतीत हुए। सुनिता ने किसी प्रकार का लालच न दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना शिवपुर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही शिवपुर थाने से उपनिरीक्षक विद्यासागर और महिला उपनिरीक्षक मानवी शुक्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। सुनिता ने पुलिस के सामने एक नामी कंपनी के कुल चार पीली धातु के सिक्के सौंप दिए।

बरामद सिक्कों का विवरण

पुलिस के अनुसार बरामद सिक्कों में शामिल हैं—

1 ग्राम के 3 सिक्के
0.5 ग्राम का 1 सिक्का
कुल वजन: 3.5 ग्राम
कुल सिक्के: 4

घर की तलाशी में नहीं मिला कुछ और

एहतियात के तौर पर पुलिस ने सुनिता और उनके घर की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई अन्य सिक्का या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। आसपास के लोगों ने भी पुष्टि की कि सिक्के महिला को कूड़े के ढेर से ही मिले थे।

पुलिस ने की महिला की ईमानदारी की सराहना

शिवपुर पुलिस ने सुनिता की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए सभी सिक्कों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि सिक्कों की शुद्धता की जांच कराई जाएगी और उनके वास्तविक मालिक का पता लगाने के लिए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।