{"vars":{"id": "130921:5012"}}

LPG संकट में वाराणसी का देसी जुगाड़! अब डीजल से जलेगा चूल्हा

देशभर में LPG गैस की कमी के बीच वाराणसी में डीजल चूल्हा नया जुगाड़ बनकर उभरा है। लोहटिया के दुकानदार फूलचंद विश्वकर्मा ने इसे तैयार किया, जिसकी कीमत 25 हजार रुपये है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।

 

वाराणसी: वो कहावत है ना बनारसी के पास हर चीज का जुगाड़, देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच वाराणसी से एक अनोखा और देसी जुगाड़ सामने आया है। शहर के लोहटिया क्षेत्र में अब डीजल से चलने वाला चूल्हा तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, खासकर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों के बीच।

जानकारी के अनुसार, लोहटिया के दुकानदार फूलचंद विश्वकर्मा ने एलपीजी की कमी को देखते हुए इस खास डीजल चूल्हे को तैयार किया है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में रेस्टोरेंट और होटलों में गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। इसी समस्या के समाधान के रूप में यह चूल्हा विकसित किया गया है।

BGT रिपोर्टर अंकिता यादव से दुकानदार फूलचंद विश्वकर्मा के ने बताया कि, इस डीजल चूल्हे की कीमत करीब 25 हजार 500 रुपये है और इसकी सबसे ज्यादा मांग होटल व रेस्टोरेंट सेक्टर में देखने को मिल रही है।
खास बात यह है कि वाराणसी के प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों जैसे रामभंडार और राजेश स्वीट हाउस जैसे बड़े रेस्टोरेंट संचालकों ने भी इस प्रोडक्ट में रुचि दिखाई है और इसकी मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि यह चूल्हा LPG पर निर्भरता कम करने का एक सस्ता और आसान विकल्प बन सकता है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के जुगाड़ के इस्तेमाल में सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी होगा।

फिलहाल, LPG संकट के बीच वाराणसी का यह देसी इनोवेशन चर्चा का विषय बना हुआ है और बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ती नजर आ रही है।