{"vars":{"id": "130921:5012"}}

देव दीपावली पर 21 हजार दीयों से जगमगाएगा वाराणसी का लक्ष्मी कुंड, सजेगी मां लक्ष्मी की जलविहार झांकी
 

 

वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार, 24 नवंबर को प्राचीन लक्ष्मी कुंड देव दीपावली महोत्सव का 26वां आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, इस अवसर पर सरोवर परिसर में 21 हजार दीप जलाए जाएंगे और कुंड में मां लक्ष्मी की जलविहार झांकी सजाई जाएगी। 

पत्रकार वार्ता में महोत्सव समिति की उपाध्यक्ष बबली यादव और महामंत्री शिखा चटर्जी ने बताया कि सुबह रंगोली प्रतियोगिता होगी। शाम को मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन-वादन और कवि सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि काशी गौरव रत्न, काशी भूषण रत्न और काशी कौस्तुभ रत्न सम्मान प्रदान करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दौरान दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राईसाइकिल और जरूरतमंदों को गर्म कपड़े भी वितरित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में संगठन मंत्री गीता दूबे, झरना मुखर्जी, मंत्री रेखा श्रीवास्तव, आरती झा, महासचिव प्रतिभा तिवारी, संस्थापक अध्यक्ष मधुसूदन त्रिपाठी और विनय कुमार समेत समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।