वाराणसी के लालपुर स्टेडियम में बवाल: 100 से ज्यादा उपद्रवियों का हमला, हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़, कई खिलाड़ी घायल
वाराणसी। डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने दो बार परिसर में घुसकर खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने न केवल खिलाड़ियों के साथ मारपीट की, बल्कि हॉस्टल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ भी की। घटना में कई खिलाड़ियों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, पहला हमला सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। बाहरी लोग परिसर में घुस आए और ट्रैक पर अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान करीब 15 से 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद हमलावर वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा बड़ी संख्या में लौटे। इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे, हॉकी स्टिक और ईंट-पत्थर थे।
उपद्रवियों ने सीधे हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हॉस्टल में वर्तमान में 64 खिलाड़ी रह रहे हैं। हमलावरों ने खिलाड़ियों के उपयोग के लिए रखे फ्रिज, कूलर, टीवी, खिड़कियां, दरवाजों के हैंडल और बाथरूम की टाइल्स तक तोड़ डालीं। इसके अलावा मेस में भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले खिलाड़ियों में दहशत का माहौल है। घायल खिलाड़ियों ने भय के कारण शाम तक मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया। मेस इंचार्ज ने घटना के दौरान 19 हजार रुपये गायब होने का भी आरोप लगाया है।
हमलावरों ने ट्रैक पर रखे लोहे के हर्डल्स सहित अन्य खेल उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया। ईंट-पत्थर और मारपीट की घटना में कई खिलाड़ियों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। इस हमले ने हॉस्टल में रह रहे खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।