वाराणसी के रामनगर पोर्ट को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी! टेंगरा गांव में 1780 वर्गमीटर जमीन हुई चिह्नित
वाराणसी: रामनगर बंदरगाह को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में वाराणसी जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए सदर तहसील के टेंगरा गांव में जमीन चिह्नित की गई है। कुल 0.1780 हेक्टेयर यानी 1780 वर्गमीटर भूमि अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित है। हालांकि, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने से पहले प्रशासन सामाजिक प्रभाव का आकलन कराएगा। इसके लिए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से पात्र संस्थाओं से तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तारीख 10 नवंबर निर्धारित की गई है।
*टेंगरा गांव की आराजी संख्या 154 पर नजर*
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से 4 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, सदर तहसील के टेंगरा गांव स्थित आराजी संख्या 154 की 0.1780 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण के लिए प्रस्तावित की गई है। प्रशासन का उद्देश्य जमीन अधिग्रहण से पहले यह जानना है कि इस परियोजना का स्थानीय लोगों और उनके जीवन पर कितना असर पड़ेगा।
*प्रभावित परिवारों और आजीविका का होगा आकलन*
सामाजिक प्रभाव आकलन के लिए चयनित संस्था टेंगरा गांव में पहुंचकर सर्वे करेगी। इस दौरान प्रस्तावित जमीन से जुड़े लोगों और प्रभावित होने वाले परिवारों की पहचान की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि जमीन अधिग्रहण से उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति पर क्या प्रभाव पड़ सकता है। सर्वे के बाद सामाजिक और आर्थिक पहलुओं को शामिल करते हुए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
10 नवंबर तक मांगे गए तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव
इस काम के लिए जिलाधिकारी कार्यालय ने सरकारी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और पात्र गैर सरकारी संस्थाओं से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक संस्थाओं को 10 नवंबर तक अपना तकनीकी और वित्तीय प्रस्ताव जमा करना होगा। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर संस्था का चयन किया जाएगा। इसके बाद चयनित एजेंसी मौके पर सर्वे कर अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी।
सामाजिक प्रभाव की रिपोर्ट के बाद आगे बढ़ेगी अधिग्रहण प्रक्रिया
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सामाजिक प्रभाव आकलन की रिपोर्ट मिलने के बाद ही जमीन अधिग्रहण की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल यह तय नहीं है कि प्रस्तावित अधिग्रहण से कितने परिवार प्रभावित होंगे और कितने लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। इसका निर्धारण सर्वे और रिपोर्ट के आधार पर होगा।
माल ढुलाई आसान बनाने की है योजना
रामनगर बंदरगाह को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की इस योजना का मुख्य उद्देश्य माल की आवाजाही को आसान और सुविधाजनक बनाना है। रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से बंदरगाह से माल के परिवहन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में माल ढुलाई की व्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।