{"vars":{"id": "130921:5012"}}

IGRS निस्तारण में वाराणसी की तहसील सदर प्रदेश में अव्वल, फरवरी रिपोर्ट में हासिल किए 100 में 100 अंक

 

वाराणसी। जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के मामले में वाराणसी जनपद की तहसील सदर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। फरवरी 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार तहसील सदर को आईजीआरएस निस्तारण में 100 में 100 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके साथ ही उसे प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक मिली है।

रिपोर्ट के मुताबिक तहसील सदर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक तरीके से निस्तारण किया गया। शिकायतों के समाधान, डिफाल्टर संदर्भों की स्थिति और आवेदकों से प्राप्त फीडबैक जैसे विभिन्न मानकों पर तहसील का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया।

तहसील प्रशासन द्वारा जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी सक्रियता और बेहतर समन्वय के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है।

अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से तहसील सदर ने प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर न केवल अपनी कार्यप्रणाली का उदाहरण प्रस्तुत किया है, बल्कि पूरे वाराणसी जनपद का गौरव भी बढ़ाया है।