वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज ने फिर मारी बाजी! लगातार तीसरी बार बना यूपी का नंबर-1 कॉलेज
वाराणसी। कैंपस संस्कृति और शैक्षणिक गतिविधियों के विकास को लेकर तैयार की गई प्रमाण पोर्टल रैंकिंग में वाराणसी के उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय (यूपी कॉलेज) ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। शुक्रवार देर रात जारी हुई रैंकिंग में यूपी कॉलेज ने 76.33 अंकों के साथ उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। यह लगातार तीसरी बार है जब कॉलेज ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया है।
उत्तर प्रदेश स्टेट डेटा सेंटर (UPSDC) द्वारा जारी इस रैंकिंग में प्रदेश के महाविद्यालयों का 44 विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। प्रदेश का औसत स्कोर 33.59 अंक रहा, जो कई संस्थानों की शैक्षणिक और प्रशासनिक चुनौतियों को दर्शाता है।
कई महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन
यूपी कॉलेज ने एकेडमिक टाइम टेबल के पालन, समय पर परीक्षाओं के आयोजन, परीक्षा परिणाम घोषित करने, छात्रवृत्ति वितरण, सोशल मीडिया एंगेजमेंट और ग्रीन कैंपस जैसी श्रेणियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। हालांकि प्लेसमेंट, इंडस्ट्री-एकेडमिक सहयोग, रिसर्च प्रोजेक्ट, पेटेंट और वर्चुअल लैब जैसे कुछ क्षेत्रों में अन्य संस्थान बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहे।
गोरखपुर और कानपुर के कॉलेज रहे दूसरे और तीसरे स्थान पर
रैंकिंग में गोरखपुर का उदयनाथ पीजी कॉलेज 73.40 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कानपुर का पीएन कॉलेज 67.88 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर काबिज रहा। प्रदेश में शीर्ष स्थान मिलने पर यूपी कॉलेज प्रशासन और छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य ने शिक्षकों और छात्रों को दिया श्रेय
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पोर्टल ने उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही की नई संस्कृति विकसित की है। इसके माध्यम से महाविद्यालय अपनी उपलब्धियों और कमियों का नियमित मूल्यांकन कर सुधार की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
जिला रैंकिंग में वाराणसी आठवें स्थान पर
जिला स्तर की रैंकिंग में वाराणसी को प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस सूची में लखनऊ पहले, अलीगढ़ दूसरे, मिर्जापुर तीसरे, मेरठ चौथे, चित्रकूट पांचवें, कानपुर छठवें और गोरखपुर सातवें स्थान पर रहे।
हर महीने होता है 44 मानकों पर मूल्यांकन
प्रमाण पोर्टल को सेंटर फॉर रिसर्च स्कीम्स एंड पॉलिसीज (CRISP) द्वारा विकसित किया गया है। इसके तहत प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों का प्रत्येक माह 44 विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है।
इन मानकों में डिजिटल पेमेंट, शोध प्रकाशन, प्लेसमेंट, इंटर्नशिप, उद्योग सहयोग, स्वयं प्लेटफॉर्म पर गतिविधियां, वर्चुअल लैब, पेटेंट, सोशल मीडिया सक्रियता तथा नैक (NAAC) से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। इसी व्यापक मूल्यांकन के आधार पर संस्थानों और जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है।