रोहनिया को मिली बड़ी सौगात: 19.68 करोड़ से बनेगा वरुणा सेतु, विधायक सुनील पटेल ने किया शिलान्यास
रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के भतसार गांव के पास वरुणा नदी पर 19.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वरुणा सेतु परियोजना का विधायक डॉ. सुनील पटेल ने भूमिपूजन और शिलान्यास किया। पुल बनने से दर्जनों गांवों को आवागमन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।
वाराणसी: रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों को वर्षों से जिस पुल का इंतजार था, वह अब जल्द हकीकत बनने जा रहा है। सोमवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सेवापुरी क्षेत्र के लहिया-भतसार गांव स्थित महादेव घाट पर वरुणा नदी पर बनने वाले नए सेतु परियोजना का विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
करीब 19 करोड़ 68 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह वरुणा सेतु क्षेत्र के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने विधायक का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर आभार जताया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
भतसार गांव के पास वरुणा नदी पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब इस पुल के बनने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और लगातार प्रयासों से यह महत्वपूर्ण योजना अब धरातल पर उतर रही है।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
विधायक ने बताया कि पुल बनने से ग्राम लहिया, भत्सार, खेवली, पंपापुर, बहरा, कपड़फोरवा समेत दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि आवागमन आसान होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का समय व दूरी दोनों कम होंगे।
मार्च 2028 तक पूरा होगा निर्माण
डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि वरुणा सेतु का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा और मार्च 2028 तक यह पुल जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय जनता ने किया भव्य स्वागत
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों और सेतु निगम के अधिकारियों ने विधायक डॉ. सुनील पटेल का भव्य स्वागत किया। लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, डॉ. उमेश पटेल, आलोक पाण्डेय, अमित पटेल, विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, नागेंद्र पटेल, संतोष प्रधान, रीना, श्रीदेवी, आनंद, जेपी पटेल, राम सकल मास्टर, ओम प्रकाश सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।